सूरत में अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय बैठक एवं स्वर्ण जयंती समारोह, देशभर की महिला पदाधिकारियों का होगा महासंगम
सूरत। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन के तत्वावधान में दशम राष्ट्रीय कार्यसमिति एवं चतुर्थ राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के साथ स्वर्ण जयंती वर्ष का शुभारंभ एवं सम्मान समारोह, गुजरात प्रांतीय माहेश्वरी महिला संगठन के आयोजकत्व तथा सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन के आतिथ्य में आयोजित किया जा रहा है। यह गरिमामय आयोजन 12 एवं 13 अप्रैल 2026 (रविवार-सोमवार) को सूरत स्थित माहेश्वरी लक्ज़ुरिया, पर्वत पाटिया में सम्पन्न होगा, जिसमें देशभर से समाज की महिला पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगी।
स्वागत अध्यक्ष श्रीमती विमलाजी साबू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मभूषण श्रीमती राजश्रीजी बिड़ला के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री संदीपजी काबरा (सभापति, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा) उपस्थित रहेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती मंजूजी बांगड़ (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन) करेंगी।
श्रीमती उर्मिला कलंत्री एवं श्रीमती अनीता जवंधिया ने बताया की प्रमुख अतिथि के रूप में श्री नरेन्द्रजी साबू (प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी) एवं प्रधान अतिथि के रूप में श्री रामरतनजी भूतड़ा (प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी) की उपस्थिति रहेगी। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती ज्योतिजी राठी (राष्ट्रीय महामंत्री) एवं श्रीमती आशाजी माहेश्वरी (निर्वतमान राष्ट्रीय अध्यक्ष) शामिल रहेंगी, जबकि सम्माननीय अतिथियों के रूप में श्रीमती किरणजी लड्ढा (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष) एवं श्रीमती ममताजी मोदानी (राष्ट्रीय संगठन मंत्री) सहित संरक्षण मंडल एवं समस्त राष्ट्रीय पदाधिकारी गण की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
श्रीमती मञ्जुश्री काबरा एवं श्रीमती वीणा तोषनीवाल ने बताया कि आयोजन के अंतर्गत संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा तथा समाज में महिला सशक्तिकरण को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया जाएगा।
श्रीमती कांता मोदानी एवं श्रीमती प्रतिभा मोलासरिया ने जानकारी दी कि इस भव्य आयोजन में देशभर से बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजजन भाग लेंगे। कार्यक्रम की सफलता हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से की गई हैं। सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन के सभी कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने समाजबंधुओं से इस महत्वपूर्ण आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील करते हुए आभार व्यक्त किया है।
