बहुप्रतीक्षित इंदौर जिला माहेश्वरी समाज "व्यापार महोत्सव" का भव्य शुभारंभ, हजारो की संख्या में उमड़े समाजबंधु, सभापति संदीप काबरा ने कहा - व्यापार महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय समाज की बड़ी उपलब्धि

बहुप्रतीक्षित इंदौर जिला माहेश्वरी समाज

इंदौर: बहुप्रतीक्षित माहेश्वरी समाज जिला इंदौर द्वारा आयोजित दो दिवसीय व्यापार महोत्सव का भव्य शुभारंभ शनिवार, 12 अप्रैल को सुबह 11 बजे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में हुआ। महोत्सव का उद्घाटन अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति श्री संदीपजी काबरा एवं विधायक एवं पूर्व महापौर श्रीमती मालिनीजी गौड़ ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के प्रसिद्ध उद्योगपति, गणमान्यजन, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे। आयोजन के पहले ही दिन 7000 से अधिक समाजबंधुओं एवं अन्य व्यापारिक क्षेत्र के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रदेश स्तर पर किसी समाज द्वारा पहली बार आयोजित इस तरह के व्यावसायिक आयोजन को मिले अभूतपूर्व प्रतिसाद से आयोजकों में उत्साह का माहौल है। इंदौर जिला माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण मंत्री (पप्पू भैया) ने बताया कि व्यापार महोत्सव के प्रथम दिन मिले बेहतर प्रतिसाद एवं अगले दिन अवकाश (रविवार) को देखते हुए 13 अप्रैल को महोत्सव का समय प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक समाजबंधु एवं व्यापारीगण स्टॉल का अवलोकन कर अपने व्यापार क्षेत्र के निर्माताओं से जुड़ सकें। साथ ही उन्होंने सभी समाजबंधुओं को इस व्यापर महोत्सव में अपने सभी लोकल व्यापारिक मित्रो को साथ लेकर पधारने का भी आह्वान किया। 

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति श्री संदीपजी काबरा ने कहा कि समाज में कुरीतियों पर चिंतन के साथ-साथ व्यापार-उद्योग और भविष्य को लेकर भी गंभीरता से चिंतन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यापार महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय समाज की बड़ी उपलब्धि हैं। इसमें समाज के युवाओं के लिए ब्रांडिंग-मार्केटिंग के साथ विभिन्न व्यावसायिक पहलुओं को समझने के लिए धरातल तैयार कर मजबूत मंच प्रदान करना चाहिए, ताकि हमारे युवा एवं महिलाएं अपने हुनर को आगे बढ़ा सकें।

उन्होंने कहा कि हिसाब-किताब में माहेश्वरी समाज के लोग पहले से ही अग्रणी हैं, अब आवश्यकता है कि युवाओं के कौशल को विकसित किया जाए, ताकि वे अपने भविष्य को सुरक्षित कर सकें। उन्होंने युवाओं को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर ईमानदारी, दृढ़ता और कौशल क्षमता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। श्री काबरा ने यह भी कहा कि व्यापार को जातिगत सीमाओं में बांधने से उसका विकास संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज में चुनाव के बाद पदाधिकारियों के बदलाव के बावजूद भी इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन निरंतर चलते रहने चाहिए।

विशेष अतिथि रिलायंस इंडस्ट्रीज के वाइस चेयरमैन श्री मुकेशजी चेचानी ने कहा कि युवा आज अपनी व्यावसायिक उन्नति के लिए एक मंच पर एकत्रित हुए हैं, यह बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें निखारकर सही अवसर प्रदान करने की, और सामाजिक मंचों के माध्यम से यह कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश के पूजन से किया गया। इस आयोजन में कोई मंच नहीं था एवं सभी अतिथि एक साथ बैठे थे। आयोजन समिति के चेयरमैन श्री अखिलेश राठी ने अपने संबोधन में व्यापार और उद्योग जगत में हो रहे परिवर्तन को सबके सामने रखा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन माहेश्वरी समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ेंगे। इस अवसर पर उपसभापति श्री विजयजी राठीश्री राजीवजी मुछाल ने भी संबोधित किया। समाज अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संगठित शक्ति से चमत्कार संभव है और यह आयोजन उसका सबसे बड़ा उदाहरण है।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रचार प्रमुख अजय सारडा, संयोजक संजय मानधन्या, भरत तोतला, दिनेश परवाल एवं पुष्पा मोलासरिया ने किया। संचालन प्रथम मंत्री एवं सार्थक गुप्ता ने किया, जबकि आभार जिला मंत्री मुकेश असावा ने माना।

कार्यक्रम में पुष्प माहेश्वरी, अजय झंवर, अशोक इनानी, राम मुंधड़ा, राम सोमानी, पंकज काबरा, राजेश मुंगड़, अजय सोडानी, महेश तोतला, सुनील न्याती, पवन भलिका, पवन लढा, राजेश भट्टड़, महेश लढ़ा, रुपेश भूतड़ा, राजेंद्र इनानी, घनश्याम झंवर, राहुल मानधन्या, मधुसूदन भलिका सहित अनेक वरिष्ठ समाजबंधुओ की गरिमामयी उपस्तिथि रही। 

/
/
/
/
/
/
/
/
/
/
/
/
/
/
/
Leave a Comment:
CAPTCHA

Gulabpura - Jan, 2020

Maheshwari News खेलकूद
Please wait, submitting...