महेश जनसेवा ट्रस्ट के चुनाव निर्विरोध संपन्न, ओमप्रकाश पसारी अध्यक्ष, संजय मानधन्या मंत्री चुने गए
इंदौर। माहेश्वरी समाज के अत्याधुनिक भवन महेश्वरम् के सुचारु और प्रभावी संचालन के लिए गठित महेश जनसेवा ट्रस्ट के चुनाव सोमवार को निर्विरोध संपन्न हो गए। पिछले तीन-चार दिनों से समाज में इस चुनाव को लेकर काफी उत्साह और गहमागहमी का माहौल बना हुआ था। समाज में चुनाव को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं, जिससे पूरे आयोजन को लेकर विशेष उत्सुकता देखी गई।
ट्रस्ट की कार्यसमिति के कुल 21 पदों के लिए प्रारंभ में 34 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों ने अपने-अपने पक्ष से समाज हित के लिए योजनाएं और कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लेकिन बातचीत के बाद 13 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके परिणामस्वरूप सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त हुआ और इस तरह से चुनाव की प्रक्रिया बिना किसी मतभेद के सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
चुनाव अधिकारी ईश्वरजी बाहेती ने निर्वाचन परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि इस निर्विरोध चुनाव में ओमप्रकाश पसारी को अध्यक्ष तथा संजय मानधन्या को मंत्री के पद पर निर्वाचित किया गया है। इसके अतिरिक्त, अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से कृष्णवल्लभ मुछाल उपाध्यक्ष, सीए जयंत गुप्ता कोषाध्यक्ष, राजकुमार साबू संयुक्त मंत्री तथा गौरीशंकर लोहिया सह मंत्री चुने गए हैं।
इसके अतिरिक्त कार्यसमिति सदस्यों के रूप में राजेश भट्टड़, राजेन्द्र भैया, निर्मल बागड़ी, रमेश बिहानी, सुरेश कुमार बिहानी, राजीव बिनानी, गोपाल कासट, विमल कुमार करवा, डॉ. सत्यनारायण (पप्पू) मंत्री, राजेंद्र मंत्री, किशन मूंदड़ा, राधेश्याम मूंदड़ा, सुनील न्याती, अतुल राठी, मुरलीधर सोनी का भी निर्विरोध निर्वाचन किया गया। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों ने महेश्वरम् भवन के बेहतर प्रबंधन के लिए मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया। इसके साथ ही वे भवन के आधुनिक और सुगम संचालन के लिए नई योजनाएं बनाएंगे और समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास करेंगे।
निर्वाचन के बाद, माहेश्वरी समाज के वरिष्ठजनों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनकी कार्यशैली और नेतृत्व पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव समाज की एकजुटता और विश्वास का प्रतीक है, जो आने वाले समय में महेश जनसेवा ट्रस्ट को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
इस अवसर पर महासभा के अर्थ मंत्री एवं ट्रस्ट के सदस्य श्री राजकुमारजी काल्या, अखिल भारतीय माहेश्वरी युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शरदजी सोनी,अखिल भारतीय माहेश्वरी युवा संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री अशोकजी ईनाणी सहित अन्य वरिष्ठ समाजसेवी भी उपस्थित थे। सभी उपस्थित सदस्यों एवं वरिष्ठ समाजजनों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
